
अगर आप पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया रील्स या मीम्स स्क्रॉल कर रहे हैं, तो ‘गुल्लक 5’ के सीधे-सादे वाई-फाई लगने वाले ‘रवि’ या फिर ‘द पिरामिड स्कीम’ के नेटवर्क मार्केटर ‘मनीष’ का चेहरा आपकी नज़र से ज़रूर गुज़रा होगा। ये दोनों ही किरदार इन दिनों इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहे हैं। इन किरदारों के पीछे छिपे बेहतरीन एक्टर का नाम है अभिषेक कुमार। जी हाँ, सही सुना आपने, नाम जितना सधारण काम उतना ही दमदार। पिछले तीन सालों से मुंबई की मायानगरी में सक्रिय अभिषेक के लिए 5 जून का दिन किसी सपने के सच होने जैसा रहा, क्योंकि इसी दिन उनकी दो बड़ी वेब सीरीज़ अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर एक साथ रिलीज़ हुईं।
एक ही दिन में दो अलग-अलग अवतार
किसी भी उभरते हुए एक्टर के लिए एक ही दिन दो बिल्कुल अलग तरह के किरदारों में स्क्रीन पर आना बहुत बड़ी चुनौती होती है। असल में, दर्शकों का दिमाग भी ऐसे किसी डबल डोज़ के लिए अचानक तैयार नहीं होता। आप एक स्क्रीन पर जिस चेहरे को देखकर मुस्कुरा रहे होते हैं, दूसरी स्क्रीन पर तुरंत उसी चेहरे को एक अलग रंग में पचा पाना आसान नहीं होता। ज़रा सी भी चूक हुई नहीं कि ऑडियंस तुरंत कह देती है…अरे, ये तो दोनों जगह एक जैसा ही लग रहा है! लेकिन अभिषेक ने 5 जून को इस चुनौती को बिल्कुल मक्के की रोटी पर मक्खन की तरह स्मूथ बना दिया। सोनी लिव के मशहूर शो ‘गुल्लक सीज़न 5’ में जहाँ उन्होंने एक लोकल वाई-फाई मैकेनिक रवि का बेहद सधा हुआ और मासूम रोल निभाया, वहीं दूसरी तरफ एमेज़ॉन प्राइम की सीरीज़ ‘द पिरामिड स्कीम’ में वे मनीष नाम के एक ऐसे चालाक शख्स के रूप में दिखे जो नेटवर्क मार्केटिंग के पेचीदा चक्रव्यूह से जुड़ा हुआ है। एक तरफ मध्यमवर्गीय समाज की सादगी और दूसरी तरफ शॉर्टकट से अमीर बनने का जाल। अभिनय के इन दो अलग-अलग छोरों को अभिषेक ने इतनी सफाई से पर्दे पर उतारा कि दर्शक कन्फ्यूज होने के बजाय उनकी वर्सटैलिटी के मुरीद हो गए।
जब ‘मिश्रा परिवार’ ने थपथपाई पीठ
अभिषेक के लिए सबसे बड़ा कॉम्प्लीमेंट तब आया जब ‘गुल्लक’ सीरीज़ की लीड स्टारकास्ट ने उनके काम को पर्सनली नोटिस किया और उसकी सराहना की। सीरीज़ के मुख्य किरदारों (जमील खान, गीतांजलि कुलकर्णी, वैभव राज गुप्ता और हर्ष मयार) ने अभिषेक की सहज अदाकारी की जमकर तारीफ की है। अभिषेक बताते हैं कि इतने मंझे हुए कलाकारों से मिला यह स्नेह और हौसलाअफजाई उनके करियर के लिए बेहद प्रेरणादायक है।

थियेटर की भट्टी में तपकर निखरा हुनर
अभिषेक आज भले ही मुंबई के मनोरंजन जगत में छाए हुए हैं, लेकिन उनका यह मुकाम रातों-रात नहीं मिला। इसकी नींव उन्होंने ‘अभिव्यक्ति नाट्य मंच’ में अपने गुरु शमीम आज़ाद के मार्गदर्शन में रखी थी। कला के प्रति अपनी गंभीरता को दिखाते हुए, उन्होंने बीए और एमए की पढ़ाई पूरी करने के बाद देश की प्रतिष्ठित संस्था भारतेंदु नाट्य अकादमी से अभिनय का प्रशिक्षण लिया। बता दें कि लखनऊ का बीएनए वही संस्थान है जिसने राजपाल यादव, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, पंचायत वेब सीरीज़ के बिनोद यानी की अशोक पाठक जैसे दिग्गज कलाकार निकले हैं। खैर अभिषेक गुल्लक बेब सीरीज़ में अपने किरदार के नाम को लेकर भी एक दिलचस्प बात बताते हैं, अभिषेक बताते हैं कि ‘गुल्लक 5’ का रवि उनके दिल के हमेशा सबसे करीब रहेगा। दरअसल, उनके सगे छोटे भाई का नाम भी रवि है। इस इत्तेफाक ने इस रोल को उनके लिए बेहद इमोशनल और यादगार बना दिया।
आने वाले धमाकेदार प्रोजेक्ट्स
ओटीटी पर इस डबल धमाके के बाद अब इंडस्ट्री की नज़रें अभिषेक पर टिक गई हैं। आने वाले समय में वे कप्तान, दस जून की रात, टीडीएस, रफू, संतोष और उलझन जैसी कई फिल्मों और सीरीज़ में अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरते नज़र आएंगे। अभिषेक कुमार की यह कामयाबी साबित करती है कि अगर आपके पास सच्चा हुनर और अटूट हौसला है, तो आप देश के किसी भी कोने से आकर पूरी दुनिया को अपना दीवाना बना सकते हैं।