मनोज भावुक को जी मीडिया द्वारा मिला ‘भोजपुरी भाषा शिखर सम्मान’

मनोज भावुक को जी मीडिया द्वारा मिला ‘भोजपुरी भाषा शिखर सम्मान’

पटना, 8 मई 2026। भोजपुरी भाषा, साहित्य, सिनेमा और मीडिया जगत में अपने बहुआयामी, दीर्घकालिक और ऐतिहासिक योगदान के लिए सुप्रसिद्ध साहित्यकार, फिल्म गीतकार एवं वरिष्ठ टीवी पत्रकार मनोज भावुक को आज पटना के ऐतिहासिक बापू सभागार में जी मीडिया द्वारा आयोजित भव्य समारोह में ‘भोजपुरी भाषा शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें “ग्लोबल भोजपुरी एम्बेसडर” तथा “भोजपुरी आइकॉन” की प्रतिष्ठित उपाधियों से भी अलंकृत किया गया। उन्हें यह सम्मान ज़ी बिहार-झारखंड के संपादक राजकमल चौधरी, ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के संपादक रमेश चंद्रा व भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल निरहुआ ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।

सम्मान ग्रहण करते हुए मनोज भावुक ने कहा, “जब साहित्य सिनेमा के साथ चलने लगता है तो सिनेमा खिल जाता है। इसलिए भोजपुरी सिनेमा को साहित्य के साथ चलने की जरूरत है। साथ ही मनोज ने जोर देकर कहा कि भोजपुरी एक अंतरराष्ट्रीय भाषा है, इसलिए सरकार को भी इसे आठवीं अनुसूची में शामिल कर भाषा का दर्जा दे देना चाहिए। भोजपुरी करोड़ों लोगों की सांस्कृतिक आत्मा और भावनात्मक पहचान है। ”

मनोज भावुक उन विरल रचनाकारों में हैं जिन्होंने भोजपुरी को केवल भाषा नहीं, बल्कि वैश्विक सांस्कृतिक पहचान के रूप में स्थापित करने का सतत प्रयास किया है। वे जितने साहित्य के हैं, उतने ही सिनेमा और मीडिया के भी। गाँव की मिट्टी से जुड़े रहते हुए उन्होंने भोजपुरी को देश-दुनिया के मंचों तक पहुँचाया है। यही कारण है कि उन्हें भोजपुरी समाज का सांस्कृतिक दूत और ‘भोजपुरी साहित्य व सिनेमा का इनसाइक्लोपीडिया’ माना जाता है।

कवि, लेखक, गीतकार, संपादक, प्रस्तोता, और पटकथा लेखक के रूप में सक्रिय मनोज भावुक ने भोजपुरी साहित्य, सिनेमा और पत्रकारिता के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण किया है। ‘भोजपुरी जंक्शन’ के संपादक के रूप में उन्होंने विश्वभर के भोजपुरी साहित्यकारों और रचनाकारों को एक मंच पर जोड़ने का उल्लेखनीय कार्य किया। भोजपुरी भाषा में भोजपुरी सिनेमा का इतिहास लिखने का महत्वपूर्ण श्रेय भी उन्हें प्राप्त है। मनोज 1995 से भोजपुरी सिनेमा और साहित्य में अनवरत सृजनरत हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी मनोज भावुक को फिल्मफेयर एवं फेमिना द्वारा “भोजपुरी आइकॉन अवार्ड”, भारतीय भाषा परिषद सम्मान, “पंडित प्रताप नारायण मिश्र सम्मान”, “लोकभाषा सम्मान”, “पाती अक्षर सम्मान” और “अंजन सम्मान” सहित दुबई, लंदन, मॉरीशस और नेपाल में अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

समारोह में राजनीति, मीडिया, सिनेमा, साहित्य और संस्कृति जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियाँ उपस्थित रहीं।

About The Author

'Bolo Zindagi' s Founder & Editor Rakesh Singh 'Sonu' is Reporter, Researcher, Poet, Lyricist & Story writer. He is author of three books namely Sixer Lalu Yadav Ke (Comedy Collection), Tumhen Soche Bina Nind Aaye Toh Kaise? (Song, Poem, Shayari Collection) & Ek Juda Sa Ladka (Novel). He worked with Dainik Hindustan, Dainik Jagran, Rashtriya Sahara (Patna), Delhi Press Bhawan Magazines, Bhojpuri City as a freelance reporter & writer. He worked as a Assistant Producer at E24 (Mumbai-Delhi).

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *