
पटना। दिनांक 05 अगस्त, 2026 को गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय सह-सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल), खगौल, पटना में बिहार सरकार के माननीय सहकारिता मंत्री-सह दानापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री रामकृपाल यादव की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधानाध्यापक-सह सदस्य सचिव श्री त्रिभुवन प्रसाद सिन्हा, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य श्री सरोज राम एवं श्री प्रीतम कुमार, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा अन्य सदस्यों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त खगौल नगर मंडल अध्यक्ष श्री अमन कुमार चन्दवंशी, वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री आशुतोष श्रीवास्तव एवं भाजपा युवा मोर्चा के श्री विशाल सिंह भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विद्यालय की विभिन्न विकास योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने विद्यालय के समग्र विकास तथा विद्यार्थियों के हित में अनेक महत्वपूर्ण सुझाव एवं प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिन्हें विद्यालय विकास अनुश्रवण समिति के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्री रामकृपाल यादव ने गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किए जाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यालय की आधारभूत संरचना को और सुदृढ़ करने, शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत विद्यालय के एन.सी.सी. कैडेट्स ने एन.सी.सी. ऑफिसर श्री रणजीत कुमार के नेतृत्व में माननीय मंत्री का गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उच्च माध्यमिक शिक्षक श्री कमलेश कुमार ने किया।