
पटना, 14 जून : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आज आईएएस भवन, पटना के सभागार में आईएएस एसोसिएशन, अन्य ऑल इंडिया सर्विस एसोसिएशनों तथा उनके ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ बिहार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री प्रभात कुमार गुप्ता, श्री अभय कुमार, श्री सुरेंद्र सिंह, श्री वी.एस. दुबे (सेवानिवृत्त आईएएस), श्रीमती हरजोत कौर (सचिव, IAS Wives Association) तथा श्रीमती ऋचा गुप्ता (अध्यक्षा, IFS Wives Association) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने कहा कि “रक्तदान जीवनदान है और इससे बड़ा पुण्य कार्य कोई नहीं हो सकता। यह ऐसा मानवीय कार्य है, जो बिना किसी आर्थिक व्यय के किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान करता है।” उन्होंने माँ ब्लड सेंटर द्वारा पिछले छह वर्षों से किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने अब तक हजारों लोगों तक जीवनरक्षक रक्त पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया।
पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार ने कहा कि “रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।” उन्होंने इस पुनीत आयोजन में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सदस्यों की भागीदारी की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
कार्यक्रम में आईएएस, आईपीएस एवं आईएफएस सेवाओं के अनेक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। रक्तदान शिविर के तकनीकी संचालन में माँ वैष्णो देवी सेवा समिति द्वारा संचालित माँ ब्लड सेंटर, दरियापुर, पटना ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। श्री दीपक कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन तथा माँ ब्लड सेंटर के श्री मुकेश हिसारिया, श्री जय प्रकाश अमिताभ, श्री संजय तोतला, श्री प्रकाश अग्रवाल, श्री जगजीवन सिंह, श्री मनीष बनेटिया, श्री नरेश अग्रवाल, श्री आलोक अग्रवाल, बबलू जी, श्री सौरभ कुमार, श्री पंकज लाहुरका, श्री शंभू केशरी, श्री सुनील अग्रवाल, श्री कन्हैया अग्रवाल, श्री राजेश बजाज, श्री अरविंद साहू, श्री अरविंद आनंद, श्री अनंत अग्रवाल, श्री मुकेश कांत, श्री विनय बजाज एवं श्री अमरेश अग्रवाल की सक्रिय देखरेख में शिविर का सफल संचालन किया गया।
रक्तदान करने वालों में एडीजी श्री कुंदन कृष्णन, म्युनिसिपल कमिश्नर श्री यशपाल मीणा, डीएफओ पटना श्री पीयूष बरनवाल, आईएफएस श्री एस. चंद्रशेखर, आईएएस श्री संतोष कुमार मल्ल, आईएएस श्री दिवेश सेहरा, आईएएस श्रीमती निशा मणि सहित भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा एवं भारतीय वन सेवा के अनेक अधिकारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इसके अतिरिक्त कई पुलिस अधिकारियों, पटना जू के कर्मियों, वन संरक्षण में लगे फॉरेस्ट गार्डों एवं वनपालों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान कर इस अभियान को सफल बनाया।शिविर में कुल 190 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इस अवसर पर रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को सम्मानित भी किया गया। आयोजकों ने इसे मानवता और जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।