
गाज़ियाबाद। दिल्ली-मेरठ रोड स्थित HLM Group of Institutions में 7 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र की कई महिलाओं ने भाग लेकर छात्र-छात्राओं को महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। संस्थान के निदेशक डॉ. अनुज अग्रवाल ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और शिक्षा के माध्यम से उन्हें और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सीबीआई की डायरेक्टर ऑफ प्रॉसिक्यूशन एवं विधि एवं न्याय मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव डॉ. पद्मिनी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने छात्राओं को कानून, प्रशासन और तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आत्मविश्वास और मेहनत से महिलाएं किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकती हैं।
उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्रिय भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर गाज़ियाबाद जिला जेल की डिप्टी जेलर विजय लक्ष्मी गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में कविता पाठ, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।
अंत में डॉ. धीरज शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान और समूह फोटो के साथ हुआ।