
31 मई को देर रात तक अचीवर्स जंक्शन का द्वितीय स्थापना दिवस एक सादे समारोह के रूप में मनाया गया। आरंभ में रामदेव बाबू के प्रति 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दरअसल स्थापना दिवस समारोह का यह कार्यक्रम उन्ही को समर्पित था क्योंकि हाल ही में 14 अप्रैल 2022 को 87 वर्ष की आयु में उनकी मृत्यु हो गयी।
फिर सारेगामपा की लोकप्रिय गायिका शालिनी दुबे ने भक्ति गीतों से आगाज किया। उसके बाद एक राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसका संचालन प्रसिद्ध गीतकार मनोज कुमार मनोज ने किया। इस कवि सम्मेलन में मनमोहन मिश्रा, भालचंद्र त्रिपाठी, सुभाष चंद्र यादव, डॉ. साकेत रंजन प्रवीर, डॉ. सविता सौरभ और मनोज भावुक ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में भोजपुरी लोक गायक शैलेन्द्र मिश्रा एवं बाउल संगीतज्ञ शंभू नाथ सरकार ने अपने गायन से कार्यक्रम को संगीतमय बनाया।
रामदेव बाबू 14 साल कंपनी से बाहर रहकर मजदूरों के लिए संघर्ष करते रहे। उनको जान से मारने की कई बार साजिश हुई। उनके सहयोगी को एक-एक करके झूठे मामलों में फंसा कर जेल भेज दिया गया। रामदेव सिंह को भी कई बार जेल जाना पड़ा। उनके पीछे गुप्तचरों की टीम लगी रहती थी, इसलिए उन्हें देश की आजादी के क्रांतिकारियों की तरह ठिकाना बदल-बदल कर योजनाएं बनानी पड़ती थीं। हड़ताल पर हड़ताल होते गए, नेता रामदेव सिंह का नाम पहले राज्य के राजनीति में फिर केंद्र की राजनीतिक गलियारों तक पहुँच गया। उनके निवास स्थान पर अक्सर भारतीय राजनीति के महान राजनेताओं राम मनोहर लोहिया, जय प्रकाश नारायण, राजनारायण, प्रभुनारायाण, चौधरी चरण सिंह, जॉर्ज फर्नांडीज़, विश्वनाथ प्रताप सिंह, चंद्रशेखर, लालू प्रसाद यादव और वर्तमान केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह आदि का आना-जाना होने लगा। यहीं दावत होती और राजनीतिक विश्लेषण होते। सच्चे समाजवादी के रूप में मशहूर रामदेव सिंह की बहादुरी और बेबाकीपन के सब कायल थे। इसलिए सब उन्हें बड़ा सम्मान करते थे। रामदेव सिंह ने मजदूर आन्दोलन में अपनी उग्र छवि और साहसिक प्रदर्शनों के कारण पहचान कायम की थी। यूपी के मुख्यमंत्री रहे रामनरेश यादव उन्हें अपना राजनीतिक गुरु मानते थे। उनका लगाव रामदेव सिंह से आजीवन रहा। लेकिन यह दुखद है कि रेनूकूट में बाजार और दुकानदार को बसाने वाले रामदेव बाबू आजीवन टीन शेड में रहे। रामदेव बाबू ईमानदारी और निर्भीकता के पर्याय बने रहेगें।